नई दिल्ली, 3 मई 2026: राजधानी दिल्ली के शाहदरा स्थित विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां B-13 स्थित 4 मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 7-8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां शामिल हैं।
सुबह 3:47 बजे लगी आग
दमकल विभाग को सुबह 3:47 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। तुरंत 14 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग दूसरी मंजिल से शुरू होकर तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल गई थी। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पाया गया।
एक परिवार का नामोनिशान मिटा
इस हादसे में जैन परिवार के 5 सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में अरविंद जैन (60), पत्नी अनीता जैन (58), बेटा निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और डेढ़ साल का पोता आकाश शामिल है। एक ही आग में दादा-दादी, माता-पिता और मासूम बच्चे की मौत से पूरा इलाका स्तब्ध है।
इसके अलावा पहली मंजिल पर रहने वाली शिखा जैन (45) और तीसरी मंजिल पर नितिन जैन (50), उनकी पत्नी शैलेय (48) व बेटा सम्यक (25) की भी जान चली गई।
16 लोगों का रेस्क्यू, 2 अस्पताल में भर्ती
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। दो झुलसे लोगों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
AC ब्लास्ट की आशंका
चश्मदीदों के मुताबिक आग लगने की वजह AC में ब्लास्ट हो सकता है। गर्मियों में लगातार AC चलने से शॉर्ट सर्किट और ओवरलोड के मामले बढ़ जाते हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि आग के सही कारणों की जांच की जा रही है।
CM रेखा गुप्ता ने जताया शोक
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा, 'विवेक विहार की घटना अत्यंत दुखद है। 9 लोगों की मृत्यु से मन व्यथित है। दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।' उन्होंने बताया कि DDMA, दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस के आला अधिकारी राहत कार्य में जुटे हैं।
इमारत में 8 फ्लैट, ज्यादातर लोग सो रहे थे
बताया जा रहा है कि चार मंजिला इमारत में कुल 8 फ्लैट बने थे। आग लगने के समय ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे, जिसके कारण वे समय रहते बाहर नहीं निकल सके।
TV99News की अपील: गर्मी में AC, कूलर, फ्रिज जैसे उपकरणों की समय-समय पर सर्विस कराएं। रात में सोने से पहले मेन स्विच चेक करें और घर में स्मोक डिटेक्टर जरूर लगवाएं।
रिपोर्ट: TV99News ब्यूरो, नई दिल्ली
Comments
Post a Comment