मांझा बना जानलेवा: विधायक अमिताभ बाजपेई ने डीएम से की सख्त कार्रवाई की मांग...

कानपुर। शहर में पतंगबाजी के दौरान इस्तेमाल होने वाला मांझा अब लोगों की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमिताभ बाजपेई ने जिलाधिकारी कानपुर नगर को पत्र लिखकर तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग उठाई है।
विधायक ने अपने पत्र में साफ कहा है कि शहर के कई प्रमुख रेलवे ओवरब्रिज (ROB) — जैसे मरे कंपनी पुल, झाड़ी बाबा पड़ाव पुल, शिव नारायण टंडन सेतु, खपरा मोहाल पुल और जयपुरिया पुल — बेहद व्यस्त मार्ग हैं। इन रास्तों से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं, लेकिन पतंग के मांझे की वजह से यहां दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। राहगीरों के गले और चेहरे पर गंभीर चोट लगने के मामले सामने आ रहे हैं, जो चिंताजनक है।

अमिताभ बाजपेई ने सुझाव दिया है कि इन पुलों पर स्टील वायर और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं, ताकि ऊंचाई पर ही मांझा रुक जाए और नीचे चल रहे लोगों तक न पहुंचे। इसके अलावा, स्ट्रीट लाइट के खंभों के बीच मजबूत स्टील के तार लगाने की भी मांग की गई है, जिससे कटी हुई पतंगों का मांझा ऊपर ही फंस जाए।
विधायक ने इस मुद्दे को सिर्फ मानव सुरक्षा तक सीमित नहीं रखा, बल्कि पक्षियों पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मांझे की चपेट में आकर कई पक्षी गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं, जो पर्यावरण और जीव-जंतुओं के लिए भी खतरा है।
उन्होंने प्रशासन से यह भी मांग की है कि संबंधित विभागों द्वारा नियमित निरीक्षण कर इन सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
विधायक ने इस पूरे मामले को जनसुरक्षा से जुड़ा अत्यंत गंभीर मुद्दा बताते हुए प्रशासन से शीघ्र और ठोस कदम उठाने की अपील की है, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।

Comments