कानपुर | TV99News.com | रिपोर्ट: अभय त्रिपाठी
कानपुर के मैनावती मार्ग की जर्जर हालत को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया। पूर्व विधायक सतीश निगम ने पार्षद कुंती निषाद के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए पीडब्ल्यूडी और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
नवाबगंज चिड़ियाघर से सिंहपुर होते हुए बिठूर जाने वाला यह प्रमुख मार्ग पिछले कई महीनों से खस्ताहाल है। सड़क पर जगह-जगह आधे से एक फीट तक गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग इस रास्ते से गुजरने से कतराने लगे हैं और कई वाहन चालक लंबा चक्कर लगाकर दूसरे मार्गों का सहारा ले रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस सड़क से गुजरना अब ‘गड्ढों का सफर’ बन चुका है। रोजाना झटकों के कारण लोग कमर दर्द की शिकायत लेकर घर पहुंचते हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने करीब 6 महीने पहले इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुधार के लिए 30 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई थी। लगभग साढ़े पांच किलोमीटर लंबे इस मार्ग का एस्टीमेट भी तैयार हो चुका है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।
लोगों का कहना है कि प्रशासन के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। अगर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
स्थानीय मांगें:
मैनावती मार्ग का तत्काल निर्माण कार्य शुरू किया जाए
गड्ढों की अस्थायी मरम्मत तुरंत कराई जाए
जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो
मैनावती मार्ग की हालत न सिर्फ लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रही है, बल्कि यह प्रशासनिक लापरवाही की भी तस्वीर पेश कर रही है। अब देखना होगा कि प्रदर्शन के बाद जिम्मेदार विभाग कितनी जल्दी कार्रवाई करता है।
TV99News.com | ग्राउंड रिपोर्ट, सटीक खबर
Comments
Post a Comment