TV99NEWS : यूपी में 206 PPS अफसरों का बड़ा तबादला, कानपुर कमिश्नरेट के 7 ACP बदले।


अभय त्रिपाठी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने लोकसभा चुनाव 2026 से पहले पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) संवर्ग के 206 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। देर रात जारी शासनादेश में पुलिस उपाधीक्षक (CO), सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), सहायक सेनानायक, मंडलाधिकारी तथा विभिन्न विशेष इकाइयों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

प्रदेशव्यापी इस तबादला सूची में सबसे अधिक चर्चा कानपुर कमिश्नरेट की है, जहां एक साथ 7 ACP स्तर के अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इसके अलावा लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गाजियाबाद, आगरा, गोरखपुर और नोएडा कमिश्नरेट में भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं।

कानपुर कमिश्नरेट में बड़ा बदलाव

कानपुर कमिश्नरेट में चार नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। पीटीएस जालौन में तैनात अमित कुमार पाण्डेय, फतेहपुर की पुलिस उपाधीक्षक प्रगति यादव, लखनऊ कमिश्नरेट के ACP वीरेन्द्र विक्रम तथा कन्नौज की पुलिस उपाधीक्षक प्रियंका बाजपेयी को सहायक पुलिस आयुक्त के रूप में कानपुर नगर भेजा गया है।

वहीं कानपुर से कई महत्वपूर्ण अधिकारियों को अन्य जिलों और इकाइयों में स्थानांतरित किया गया है। ACP शिखर को मंडलाधिकारी गोंडा, आशुतोष कुमार-द्वितीय को 02वीं वाहिनी SSF गोरखपुर, अमरनाथ यादव को पुलिस उपाधीक्षक मथुरा, रंजीत कुमार को ACP लखनऊ, अभिषेक कुमार पाण्डेय को ACP लखनऊ तथा सुभाष चन्द्र को पुलिस उपाधीक्षक मुजफ्फरनगर भेजा गया है।

कानपुर देहात में भी फेरबदल

कानपुर देहात की पुलिस उपाधीक्षक प्रिया सिंह का तबादला झांसी कर दिया गया है। वहीं 10वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी में तैनात धर्मेन्द्र कुमार सिंह को पुलिस उपाधीक्षक कानपुर देहात बनाया गया है।

लखनऊ कमिश्नरेट को मिले नए ACP

गोरखपुर से उदय प्रताप सिंह को ACP लखनऊ बनाया गया है। वहीं राज कुमार सिंह का स्थानांतरण प्रयागराज कमिश्नरेट तथा कई अन्य अधिकारियों को विभिन्न जनपदों और इकाइयों में भेजा गया है। लखनऊ कमिश्नरेट से जुड़े कई अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

वाराणसी कमिश्नरेट में भी बदलाव

वाराणसी कमिश्नरेट में संजीव कुमार शर्मा को अलीगढ़ भेजा गया है, जबकि अवधेश कुमार विश्वकर्मा और प्रशान्त सिंह को ACP वाराणसी के पद पर तैनात किया गया है। इसके अलावा कमिश्नरेट के अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न जिलों में स्थानांतरित किया गया है।

पीएसी और एसएसएफ में नई तैनातियां

शासनादेश के अनुसार 02वीं वाहिनी एसएसएफ गोरखपुर, 04वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज, 10वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी, 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा, 33वीं वाहिनी पीएसी झांसी, 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ तथा 44वीं वाहिनी पीएसी मेरठ समेत कई इकाइयों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।

चुनाव से पहले प्रशासनिक सर्जरी

सूत्रों के मुताबिक आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए लंबे समय से एक ही जिले अथवा संवेदनशील पदों पर तैनात अधिकारियों को बदला गया है। चुनाव आयोग की गाइडलाइन और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह व्यापक तबादला अभियान चलाया गया है।

सरकार का मानना है कि नए अधिकारियों की तैनाती से कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ प्रशासनिक निष्पक्षता सुनिश्चित होगी। खासतौर पर कानपुर, लखनऊ और वाराणसी जैसे संवेदनशील कमिश्नरेट क्षेत्रों में नए चेहरों को जिम्मेदारी देकर पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है। तबादला सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात पुलिस उपाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार-II को जनपद शाहजहांपुर भेजा गया है, जबकि जनपद महाराजगंज में तैनात पुलिस उपाध्यक्ष अनिरूद्ध कुमार को महोबा की जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में, जनपद भदोही में तैनात पुलिस उपाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा-II को सहायक सेनानायक, 30वीं वाहिनी पीएसी, गोण्डा के पद पर नियुक्त किया गया है। कौशाम्बी से अभिषेक सिंह को बलरामपुर और झांसी से अजय कुमार श्रोतिया को अमरोहा का पुलिस उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा, शाहजहांपुर में तैनात पंकज पंत को रामपुर भेजा गया है, जबकि गोरखपुर में तैनात उदय प्रताप सिंह-II को सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) के रूप में कमिश्नरेट लखनऊ की कमान सौंपी गई है।

​प्रशासनिक फेरबदल को आगे बढ़ाते हुए मुरादाबाद के मंडलाधिकारी शिव ठाकुर को सहारनपुर और आगरा के मंडलाधिकारी दीपक कुमार सिंह-II को शाहजहांपुर में पुलिस उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रयागराज में मुख्य एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत मनीष कुमार यादव को अब सहायक सेनानायक, 04वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पी०टी०एस० जालौन से अमित कुमार पाण्डेय को सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) बनाकर कमिश्नरेट कानपुर नगर भेजा गया है, और सोनभद्र से अमित कुमार को मीरजापुर का पुलिस उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

​कमिश्नरेट वाराणसी में तैनात सहायक पुलिस आयुक्त संजीव कुमार शर्मा को पुलिस उपाध्यक्ष, अलीगढ़ के पद पर स्थानांतरित किया गया है। इसके साथ ही पीएसी और ट्रेनिंग सेंटरों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिसके तहत 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ के सहायक सेनानायक महीपाल सिंह को 45वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ भेजा गया है, और 27वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर के सहायक सेनानायक अवधेश कुमार विश्वकर्मा को सहायक पुलिस आयुक्त के रूप में कमिश्नरेट वाराणसी भेजा गया है। आरटीसी चुनार, मिर्जापुर में तैनात गणेश कुमार को पी०टी०सी० मुरादाबाद और गोरखपुर के मंडलाधिकारी प्रसान्त सिंह को सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी नियुक्त किया गया है। मिर्जापुर के पुलिस उपाध्यक्ष विवेक जावला को सम्भल भेजा गया है, जबकि एल०आई०यू० गोण्डा से मुरादाबाद स्थानांतरित हुए पवन कुमार वर्मा को अब पुलिस उपाध्यक्ष, एल०आई०यू० अयोध्या के पद पर नई तैनाती दी गई है। शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल अपने नए कार्यभार पर तैनात होने के निर्देश जारी किए हैं।

Comments