Kanpur : साइलेंट क्राइम्स का भव्य प्रीमियर: साइबर अपराध पर कानपुर पुलिस की अनूठी पहल, अन्नू कपूर ने साझा की अपनी ठगी की कहानी..
कानपुर। देश में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कानपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा निर्मित 40 मिनट की शॉर्ट फिल्म "साइलेंट क्राइम्स: नॉट जस्ट ए फिल्म, ए वेकअप कॉल" का शनिवार को रेव मोती मॉल स्थित रेवश्री सिनेमा में भव्य प्रीमियर आयोजित किया गया। फिल्म के संवाद "अब डकैत घोड़े पर नहीं, मोबाइल के पीछे से आते हैं" ने दर्शकों को झकझोर दिया और पूरा सिनेमा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता अन्नू कपूर ने साइबर क्राइम दरोगा कर्तार सिंह की भूमिका निभाई है, जबकि मुश्ताक खान इंस्पेक्टर बाबूलाल दुबे के किरदार में नजर आए। कानपुर के एसीपी कलक्टरगंज आनंद ओझा ने फिल्म में एसीपी अंगद सिंह की भूमिका निभाई है और वे फिल्म के पोस्टर बॉय भी हैं।
अन्नू कपूर बोले— यह सिर्फ फिल्म नहीं, एक संकल्प है
प्रीमियर के दौरान अन्नू कपूर ने कहा कि यह किसी व्यावसायिक फिल्म से कहीं बढ़कर समाज को जागरूक करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि वर्षों पहले पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से साइबर अपराध पर फिल्म बनाने को लेकर चर्चा हुई थी, जो अब साकार हुई है।
उन्होंने मशहूर कविता की पंक्तियां सुनाते हुए कहा—
"तू जिंदा है तो जिंदगी की जीत में यकीन कर,
अगर कहीं है स्वर्ग तो उतार ला जमीन पर..."
कविता के बाद फिल्म का प्रदर्शन शुरू हुआ।
फ्रांस में हुई 14 लाख की ठगी
फिल्म के बाद मीडिया से बातचीत में अन्नू कपूर ने बताया कि वर्ष 2022 में फ्रांस के डिजॉन रेलवे स्टेशन पर दो लोगों ने मदद के बहाने उनका PRADA का बैग चोरी कर लिया। बैग की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये थी और उसमें नकदी समेत लगभग 13-14 लाख रुपये का सामान रखा था।
उन्होंने बताया कि फ्रांस पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज की, लेकिन साफ कहा कि सामान वापस मिलने की संभावना बेहद कम है।
मुंबई में साइबर फ्रॉड का भी हुए शिकार
अन्नू कपूर ने यह भी खुलासा किया कि बाद में वे मुंबई में साइबर फ्रॉड का भी शिकार हुए, जहां उनके बैंक खाते से पूरी रकम निकाल ली गई। उन्होंने मुंबई साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद बिहार से पूरी रकम रिकवर कर ली गई।
उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रसिद्ध व्यक्ति के साथ हुई ठगी राष्ट्रीय खबर बन सकती है, तो आम नागरिकों के मामलों को भी उतनी ही गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
फरवरी 2026 में कानपुर में हुई थी शूटिंग
फिल्म की शूटिंग फरवरी 2026 में कानपुर पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय और कोतवाली थाना परिसर में की गई थी। प्रदर्शन से पहले कई नागरिकों ने मंच पर आकर अपने साथ हुई साइबर ठगी की घटनाएं भी साझा कीं।
कार्यक्रम में एमएलसी अरुण पाठक, विधायक अमिताभ बाजपेयी, महेश त्रिवेदी, डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल, डीसीपी एस.एम. कासिम आबिदी, एडीसीपी एलआईयू महेश कुमार, सुमित सुधाकर रामटेके, अंजलि विश्वकर्मा, नजम हमराज, संजय कपूर, फिल्म के निर्देशक धीरज कुमार और लेखक आशीष द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
#Kanpur #SilentCrimes #CyberCrime #AnnuKapoor #KanpurPolice #CyberAwareness #CrimeNews #UPNews #UPTVLive #BreakingNews
Comments
Post a Comment