दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन परियोजना में कानपुर को प्रमुख स्टेशन बनाने की मांग, सांसद रमेश अवस्थी ने लोकसभा में उठाया मुद्दा...


> नियम 377 के तहत रेल मंत्री का ध्यान आकर्षित कर कानपुर के हित में उठाई आवाज

*नई दिल्ली/कानपुर :* भारतीय जनता पार्टी के कानपुर लोकसभा से सांसद रमेश अवस्थी ने लोकसभा में नियम 377 के तहत एक महत्वपूर्ण मामला उठाते हुए केंद्र सरकार और रेल मंत्री का ध्यान दिल्ली-वाराणसी प्रस्तावित बुलेट ट्रेन (हाई-स्पीड रेल) परियोजना में कानपुर को प्रमुख स्टेशन के रूप में शामिल किए जाने की आवश्यकता की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि देश के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक, व्यापारिक और ऐतिहासिक शहरों में शामिल कानपुर को परियोजना की प्रारंभिक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) में अपेक्षित महत्व नहीं दिया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों में चिंता व्याप्त है।

*औद्योगिक राजधानी होने के कारण कानपुर का महत्व बताया*

ऐसे में सांसद रमेश अवस्थी ने अपने पत्र में कहा कि कानपुर उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी के रूप में जाना जाता है। कपड़ा उद्योग, चमड़ा उद्योग तथा आईटी और स्टार्टअप सेक्टर का यह प्रमुख केंद्र है। प्रतिदिन हजारों व्यापारी, उद्यमी, छात्र और आम यात्री दिल्ली एवं वाराणसी के बीच यात्रा करते हैं। ऐसे में हाई-स्पीड रेल परियोजना में कानपुर को प्रमुख स्टेशन के रूप में शामिल करना न केवल क्षेत्र की जरूरत है, बल्कि परियोजना की सफलता के लिए भी आवश्यक है।

*मध्य उत्तर प्रदेश की बड़ी आबादी को मिलेगा लाभ*

पत्र के माध्यम से सांसद रमेश अवस्थी द्वारा कहा गया कि कानपुर मध्य उत्तर प्रदेश का प्रमुख शहर है और इसके आसपास के कई जिलों की बड़ी आबादी इस शहर पर निर्भर है। यदि बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में कानपुर को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया, तो केवल कानपुर ही नहीं बल्कि आसपास के लाखों लोगों को भी आधुनिक परिवहन सुविधा से वंचित होना पड़ेगा। इससे परियोजना की सामाजिक और आर्थिक उपयोगिता भी प्रभावित होगी।

*व्यापार और अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति*

सांसद रमेश अवस्थी ने आगे कहा कि कानपुर को बुलेट ट्रेन नेटवर्क से जोड़ने से व्यापार, उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। तेज और आधुनिक रेल संपर्क से दिल्ली, कानपुर और वाराणसी के बीच आवागमन आसान होगा, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

*डीपीआर में सांसद ने की संशोधन की मांग*

सांसद रमेश अवस्थी ने अपने पत्र के माध्यम से केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन परियोजना की डीपीआर में संशोधन करते हुए कानपुर को एक महत्वपूर्ण स्टेशन के रूप में शामिल किया जाए। उनका कहना है कि यह निर्णय न केवल कानपुर बल्कि पूरे मध्य उत्तर प्रदेश के हित में होगा और परियोजना की व्यावसायिक तथा आर्थिक उपयोगिता को भी मजबूत करेगा।

*जनभावनाओं को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास*

सांसद रमेश अवस्थी द्वारा लोकसभा में नियम 377 के तहत उठाए गए इस मुद्दे को कानपुर और आसपास के क्षेत्रों की जनभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। सांसद अवस्थी ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केंद्र सरकार का ध्यान इस महत्वपूर्ण विषय की ओर आकर्षित करना है ताकि देश की महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन परियोजना में कानपुर को उसका उचित स्थान मिल सके और क्षेत्र की जनता आधुनिक हाई-स्पीड रेल सुविधा का लाभ प्राप्त कर सके।

.....

Comments