TV99NEWS : आधी रात में '16 मिनट का खेल': व्यापारी के बर्थडे ऑफर ने कानपुर में मचाया हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा।



कानपुर : अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित आलम मार्केट में देर रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक कपड़ा व्यापारी के अनोखे डिस्काउंट ऑफर का मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। व्यापारी ने अपने जन्मदिन के मौके पर ‘16 मिनट में 16 रुपये का सामान’ देने का ऐलान किया था। ऑफर की जानकारी मिलते ही रात करीब 11:59 बजे बड़ी संख्या में खरीदार आलम मार्ट के बाहर जुटने लगे और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई।
जन्मदिन पर निकाला था स्पेशल डिस्काउंट ऑफर
पुलिस के अनुसार, आलम मार्ट के संचालक ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में देर रात एक विशेष सेल की घोषणा की थी। इस प्रचार के सोशल मीडिया पर फैलते ही सैकड़ों लोग एक साथ खरीदारी के लिए पहुंच गए, जिससे मुख्य मार्ग और मार्केट परिसर में जाम की स्थिति बनने लगी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, नहीं हुआ कोई बल प्रयोग
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में चल रही नियमित रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को आलम मार्केट में अचानक भीड़ जुटने की सूचना मिली। अनवरगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भीड़ को समझाइश देकर शांतिपूर्वक वापस भेजा गया और किसी भी प्रकार का बल प्रयोग या लाठीचार्ज नहीं किया गया।
जांच के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई
मौके पर अब कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले के तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों व नियमों के उल्लंघन के आधार पर संबंधित व्यापारी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments