Tv99News_शख्सियत : डॉक्टर से IPS तक का सफर... तेज-तर्रार पुलिसिंग से अलग पहचान बना रहे हैं डॉ. गौरव ग्रोवर....
अयोध्या। उत्तर प्रदेश पुलिस के तेज-तर्रार और पेशेवर अधिकारियों में शुमार आईपीएस डॉ. गौरव ग्रोवर एक बार फिर चर्चा में हैं। राम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े बहुचर्चित दान चोरी प्रकरण की जांच के लिए गठित नई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) में उन्हें अहम सदस्य बनाया गया है। यह जिम्मेदारी ऐसे समय में मिली है, जब पूरे देश की निगाहें इस जांच पर टिकी हुई हैं।
नई एसआईटी में लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस. के नेतृत्व में अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन वर्मा और अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को शामिल किया गया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को उनकी निष्पक्ष कार्यशैली, जांच क्षमता और प्रशासनिक अनुभव से जोड़कर देखा जा रहा है।
डॉ. गौरव ग्रोवर वर्ष 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से पंजाब के बठिंडा के रहने वाले हैं। खास बात यह है कि भारतीय पुलिस सेवा में आने से पहले उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। डॉक्टर बनने के बाद उन्होंने समाज की व्यापक सेवा के लिए खाकी का रास्ता चुना।
गोरखपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में उनका कार्यकाल सख्त कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अनुशासित पुलिसिंग के लिए जाना जाता है। उनकी कार्यशैली का मूल मंत्र रहा है—कानून से ऊपर कोई नहीं। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ-साथ विभागीय अनुशासन को लेकर भी उन्होंने स्पष्ट और सख्त रुख अपनाया।
इसके बाद उन्हें अयोध्या जैसे देश के सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण जनपद की जिम्मेदारी सौंपी गई। करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, बड़े धार्मिक आयोजनों का सफल संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।
डॉ. गौरव ग्रोवर की उत्कृष्ट सेवाओं को समय-समय पर सम्मान भी मिला है। उन्हें वर्ष 2020 में सिल्वर डिस्क, 2022 में गोल्ड डिस्क और 2024 में प्लेटिनम डिस्क से सम्मानित किया गया। जून 2026 में भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भी उन्हें उत्कृष्ट समन्वय और सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
डॉ. गौरव ग्रोवर की पहचान केवल एक सख्त पुलिस अधिकारी की नहीं, बल्कि ऐसे प्रशासक की भी है जो त्वरित निर्णय, निष्पक्ष जांच और जवाबदेह पुलिसिंग में विश्वास रखते हैं। यही वजह है कि संवेदनशील मामलों में उनकी भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।
डॉक्टर की संवेदनशील सोच और पुलिस अधिकारी की दृढ़ता का यह अनूठा संगम ही डॉ. गौरव ग्रोवर को उत्तर प्रदेश पुलिस के सबसे भरोसेमंद और प्रभावशाली अधिकारियों की श्रेणी में खड़ा करता है।
Comments
Post a Comment