अंतरराष्ट्रीय मंच पर कानपुर की धमक, डॉ. सुधीर बने चेयरपर्सन...



कानपुर। फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में कानपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान दर्ज कराई है। नई दिल्ली स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विश्व फिजियोथेरेपी एशिया वेस्टर्न पैसिफिक क्षेत्रीय सम्मेलन-2026 में कानपुर के वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सुधीर कुमार द्विवेदी को वैज्ञानिक सत्र का अध्यक्ष बनाया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में मिली जिम्मेदारी को कानपुर के फिजियोथेरेपी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

डॉ. सुधीर कुमार द्विवेदी ए.एच.एम. डफरिन जिला चिकित्सालय से जुड़े होने के साथ ही द्विवेदी एडवांस फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास केंद्र के निदेशक भी हैं। सम्मेलन में उन्होंने वैज्ञानिक सत्र का संचालन किया और देश-विदेश से आए फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों के साथ अकादमिक चर्चा एवं संवाद का नेतृत्व किया।

सम्मेलन में 10 हजार से अधिक फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में विशेषज्ञों की मौजूदगी सम्मेलन की प्रमुख उपलब्धियों में रही। इसी अवसर पर वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (लंदन) की ओर से सम्मेलन को विश्व रिकॉर्ड प्रदान किया गया। वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (लंदन) के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक कौशिक ने यह रिकॉर्ड प्रदान किया।

सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने वीडियो संदेश के माध्यम से फिजियोथेरेपी के महत्व, स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी भूमिका तथा पुनर्वास के क्षेत्र में इसके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। उनके संदेशों से सम्मेलन में मौजूद विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों का उत्साह बढ़ा।

डॉ. सुधीर कुमार द्विवेदी को सम्मेलन के दौरान भारतीय फिजियोथेरेपी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार झा ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। सम्मेलन का आयोजन डॉ. संजीव कुमार झा और डॉ. रुचि वर्षनी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया।

सम्मेलन में विश्व फिजियोथेरेपी के अध्यक्ष डॉ. मिशेल (माइक) लैंड्री, एशिया वेस्टर्न पैसिफिक क्षेत्र के अध्यक्ष प्रो. मार्को पांग, ऑस्ट्रेलियाई फिजियोथेरेपी संघ के अध्यक्ष डॉ. रिक डॉसन, विश्व फिजियोथेरेपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सिडी डिएय, राष्ट्रीय संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल व्यवसाय आयोग की अध्यक्ष डॉ. याग्ना उन्मेष शुक्ला तथा फिजियोथेरेपी व्यावसायिक परिषद के अध्यक्ष डॉ. के.एम. अन्नामलाई समेत देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित विशेषज्ञ शामिल हुए।

सम्मेलन की मुख्य अतिथि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रहीं। आयोजन में फिजियोथेरेपी, आधुनिक पुनर्वास, शोध, शिक्षा, फिटनेस और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार-विमर्श किया।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर डॉ. सुधीर कुमार द्विवेदी को वैज्ञानिक सत्र के अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना कानपुर के लिए गौरव का विषय रहा। इस उपलब्धि से कानपुर के फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों की अकादमिक, पेशेवर और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

Comments